श्रीलंका के कैंडी से आए 11 सदस्यीय बौद्ध पर्यटकों के दल ने मंगलवार को कुशीनगर में भिक्षुओं को संघदान दिया और पुण्यानुमोदन प्राप्त किया। ऐंटन परेरा की अगुवाई में यह दल 16 दिनों की भारत स्थित बौद्ध तीर्थ स्थलों की यात्रा पर है।
पर्यटकों ने सुबह महापरिनिर्वाण बुद्ध मंदिर में तथागत की लेटी प्रतिमा पर चीवर चढ़ाया और विश्व शांति व मानव कल्याण के लिए पूजा की। इसके बाद दल के सदस्यों ने माथा कुंवर बुद्ध मंदिर और रामाभार स्तूप का दर्शन व पूजन-वंदन किया तथा अन्य दर्शनीय स्थलों का भी भ्रमण किया।
परेरा ने बताया कि भिक्षुओं के वर्षावास के बाद संघदान देना बुद्धकालीन परंपरा है, जिससे पुण्य की प्राप्ति होती है। दल ने कुशीनगर से पूर्व दिल्ली, बोधगया, सारनाथ, कौशांबी और श्रावस्ती में भी बौद्ध भिक्षुओं को संघदान दिया। सोमवार की शाम लुंबिनी से पहुंचा यह दल मंगलवार को राजगिरि के लिए रवाना हो गया।
कार्यक्रम में भंते मुलायम, कनक परेरा, अभय सिंह आदि मौजूद रहे। अंत में संयोजक टीके राय ने आभार ज्ञापित किया।
