श्रीनगर नगर निगम ने बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 के लिए विशेष क्यूआर कोड लॉन्च किया है। महापौर आरती भंडारी ने इसका लांच किया। इस क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन करने पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मेले के कार्यक्रमों की सूची, तिथि, समय-सारणी और मेला स्थल की गूगल लोकेशन सहित जरूरी जानकारियां उपलब्ध होंगी।
महापौर आरती भंडारी ने बताया कि 23 नवंबर से दो दिसंबर तक आयोजित होने वाले मेले में इस बार डिजिटल सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। श्रद्धालु और पर्यटक क्यूआर कोड स्कैन कर अपनी सुविधानुसार कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। बाहर से आने वाले लोगों को गूगल लोकेशन के माध्यम से मेला स्थल तक पहुंचने में भी आसानी होगी।
महापौर ने कहा कि बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा प्रमुख आयोजन है। इसमें स्थानीय लोगों के साथ ही दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में मेले से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां एक ही माध्यम पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक मेले की गरिमा बनाए रखते हुए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से व्यवस्थाओं को अधिक सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
