सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि कोई कर्मचारी केवल योग्यता पूरी होने के आधार पर बिना मंजूरी वाले पद पर स्थायी नियुक्ति या समायोजन का दावा नहीं कर सकता। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने एक लेक्चरर की अपील खारिज कर दी। लेक्चरर ने जरूरी शैक्षणिक योग्यता हासिल करने की तारीख से ही नौकरी में स्थायी समायोजन की मांग की थी।
बेंच ने झारखंड हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच के फैसले को बरकरार रखा। डिवीजन बेंच ने सिंगल जज के उस आदेश को रद्द कर दिया था, जिसमें नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी को अपीलकर्ता लेक्चरर के स्थायी समायोजन पर 5 दिसंबर 1987 से विचार करने का निर्देश दिया गया था। कोर्ट के मुताबिक, जिस पद को मंजूरी नहीं मिली है, उस पर कर्मचारी की पात्रता उसे नियुक्ति का अधिकार नहीं देती।
अपीलकर्ता बृज कुमार मिश्रा की नियुक्ति 22 फरवरी 1986 को गढ़वा के एसजेएसएन कॉलेज में हिंदी लेक्चरर के रूप में हुई थी। विभाग में यह पांचवां पद था, जिस पर उनकी नियुक्ति की गई थी। नियुक्ति के समय उनके पास निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता नहीं थी, जो उन्होंने 5 दिसंबर 1987 को हासिल की।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि केवल नौकरी की योग्यता पूरी कर लेने से नौकरी पर स्थायी अधिकार नहीं मिल जाता। जिस पद पर स्थायी नियुक्ति या समायोजन मांगा जा रहा है, उस पद का अस्तित्व भी होना चाहिए।
