सुप्रीम कोर्ट ने रूसी सेना में भर्ती बताए जा रहे एक भारतीय मूल के युवक को वापस लाने की मांग वाली याचिका पर केंद्र सरकार से वापसी के सभी विकल्प तलाशने को कहा है। सरकार ने कोर्ट को बताया कि युवक ने भारतीय नागरिकता छोड़कर रूसी नागरिकता ले ली थी, इसलिए उसकी भूमिका सीमित है।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की बेंच ने यह मामला सुना। याचिकाकर्ता पिता ने बेटे को भारत वापस लाने के लिए केंद्र को निर्देश देने की मांग की है। सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया कि सरकार मानवीय मदद समेत वापसी के संभावित रास्तों पर विचार करेगी, लेकिन रूसी अधिकारी उसके बारे में जानकारी देने से इनकार कर सकते हैं।

याचिका के मुताबिक युवक पढ़ाई के लिए अप्रैल में रूस गया था। कुछ महीनों बाद परिवार को मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास से संदेश मिला कि वह रूसी नागरिक के तौर पर रूसी सेना में शामिल हो गया है। दूतावास ने बताया कि उसने यह मामला रूस के रक्षा मंत्रालय के सामने उठाया और युवक को रिहा करने का अनुरोध किया। दूतावास के मुताबिक उपलब्ध दस्तावेजों से पता चलता है कि युवक ने स्वेच्छा से भारतीय नागरिकता छोड़ी थी और उसके पास रूसी पासपोर्ट भी था।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मामले के कई पहलू अब भी स्पष्ट नहीं हैं। बेंच ने मॉस्को में पढ़ाई का इंतजाम कराने वाले बिचौलिए के साथ हुए समझौते की जानकारी मांगी और यह भी पूछा कि नागरिकता बदलने की जानकारी मिलने के बाद केंद्र इस मामले में दखल दे सकता है या नहीं। पिता ने याचिका में सवाल उठाया है कि इतने कम समय में बेटे ने रूसी नागरिकता कैसे हासिल की और सेना में भर्ती कैसे हुआ। मेहता ने कहा कि वह संबंधित मंत्रालय से मानवीय सहायता देने की संभावना पर निर्देश लेंगे।