अंतरराष्ट्रीय छात्र दिवस के मौके पर स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय की दो छात्राओं की पहल सामने आई है। लखीमपुर निवासी एलएलबी की छात्रा बीना भारती और एमए की छात्रा रीवा वर्मा ने हॉस्टल की बदहाली और फीस से जुड़ी समस्याओं के खिलाफ आवाज उठाई। दोनों छात्राओं का मानना है कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय सुना जाना चाहिए।
दो महीने पहले विश्वविद्यालय में पूरे वर्ष की फीस एक साथ जमा कराई जा रही थी, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्रों को परेशानी हो रही थी। फीस न जमा कर पाने के कारण कई छात्र पढ़ाई छोड़ने की स्थिति में पहुंच गए थे। बीना, रीवा और उनके सहपाठियों ने पहले कुलपति से बात की। समाधान नहीं निकला तो युवाओं की आवाज उठाने वाले रामजी अवस्थी के साथ परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। तीन बार धरना देने के बाद प्रशासन ने छात्रों की मांग मान ली और सेमेस्टर के हिसाब से फीस जमा कराने पर सहमति बनी, जिससे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को राहत मिली।
वर्ष 2024 में बाढ़ के बाद हॉस्टल बंद कर दिया गया था और इसके निर्माण की बात कही गई थी। लंबे इंतजार के बाद भी ताले नहीं खुले तो बीना ने डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह से मिलकर स्थिति बताई। उनके प्रयास के बाद छात्राओं को हॉस्टल में फिर रहने की अनुमति मिल गई। कुछ समय बाद वहां शुद्ध पानी न मिलने की समस्या सामने आई। समाधान न होने पर बीना ने फिर आवाज उठाई और डीएम को अवगत कराया, जिसके बाद समस्या का समाधान हुआ।
शुरुआत में ये छात्राएं अकेली थीं, लेकिन धीरे-धीरे दूसरे छात्र-छात्राएं भी उनके साथ जुड़ते गए। अब मुद्दों पर बैठकें और चर्चा होती हैं तथा ज्ञापन देने के साथ संवाद का रास्ता भी अपनाया जाता है। छात्रवृत्ति सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी इन छात्राओं ने आवाज उठाई है। उनका मानना है कि संघर्ष का उद्देश्य केवल विरोध करना नहीं, बल्कि समाधान तक पहुंचना है। आज बीना और रीवा विश्वविद्यालय में छात्र हितों की आवाज बन गई हैं।
