सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर-300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में शुक्रवार को भारतीय खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। लखनऊ के गोमतीनगर स्थित योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में खेले जा रहे महिला एकल क्वार्टर फाइनल में तीसरी वरीय उन्नति हुड्डा ने हमवतन अनमोल खर्ब को 21-19, 15-21, 21-18 से हराया। यह मुकाबला एक घंटे 17 मिनट तक चला और दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।
दूसरी वरीय तन्वी शर्मा ने इंडोनेशिया की एनकेडीए प्रतिवी को 21-19, 18-21, 21-14 से शिकस्त दी। एक घंटे तीन मिनट तक चले इस मुकाबले में तन्वी ने तीसरे गेम में शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की। अब सेमीफाइनल में उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा आमने-सामने होंगी, जिससे महिला सिंगल्स के फाइनल में एक भारतीय खिलाड़ी का पहुंचना तय हो गया है। उन्नति पिछले वर्ष भी इस टूर्नामेंट की सेमीफाइनलिस्ट रही थीं।
महिला डबल्स में शीर्ष वरीय और गत चैंपियन गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जाली की जोड़ी को फ्रांस की मार्गोट लैम्बर्ट और केमिली पोगनैंट के मुकाबले से हटने पर वॉकओवर मिला। बीमारी के कारण फ्रांसीसी जोड़ी मुकाबले में नहीं उतरी। अब भारतीय जोड़ी का सामना यूक्रेन की पोलिना बुह्रोवा और येव्हेनिया कांतमिर से होगा।
