चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय की सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन न होने के कारण अवमानना के संकट में घिर सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को आदेश दिया था कि मंदिर की ओर से अधिकृत एक छोटी टीम को विवादित पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति दी जाए। मंगलवार शाम तक उस स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया और परंपरागत स्थान उची पिल्लैयार मंदिर के पास ही दीप जलाया गया। हिंदू परिषद ने सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल करने का ऐलान किया है। राज्य में बीजेपी और एआईएडीएमके ने सरकार पर हमला बोला है।

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके), सीपीआई और सीपीआई(एम) ने विवादित जगह पर दूसरा दीप जलाने का विरोध किया था। वामपंथी दलों ने विजय से मौजूदा परंपरा बनाए रखने की अपील की थी। ऐसे में सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार चला रहे विजय के सामने दो विकल्प थे — कोर्ट के आदेश का पालन करके सहयोगियों को नाराज करना या सहयोगियों के साथ खड़े होकर अवमानना का जोखिम उठाना। विजय ने दूसरा रास्ता चुना। बीजेपी ने दीपाथून की जगह मंदिर में दीप जलाने पर विजय को घेरा है। विजय उपचुनाव में दो सीटें जीतने के बाद भी बहुमत के लिए सहयोगियों पर निर्भर हैं। उनके एक विधायक के निधन और दूसरे के यौन उत्पीड़न के मामले में घिरने से मुश्किल और बढ़ी है।

तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के नीचे सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर स्थित है, जो भगवान मुरुगन के छह प्रमुख निवास स्थलों में से एक है। पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में सिकंदर बदूशा दरगाह है। विवादित पत्थर का स्तंभ दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। हिंदू संगठन लंबे समय से इस स्तंभ पर अतिरिक्त दीप जलाने की मांग कर रहे हैं। मंदिर के पुजारियों का कहना है कि परंपरागत रूप से दीप उची पिल्लैयार मंदिर के पास ही जलाया जाता रहा है। विजय ने पिल्लैयार मंदिर पर ही दीप जलाया। कोर्ट ने दीपाथून पर एक बार दीप जलाने की अनुमति दी थी, जिससे सरकार पर अवमानना का खतरा खड़ा हो गया है।