उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ, जब हरिद्वार से चमोली जिले के जोशीमठ जा रही यात्री बस थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के गूलर के पास गहरी खाई में गिर गई। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार बस में 34 लोग सवार थे। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 25 घायलों को बस से बाहर निकाला गया है।

एसडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि बस संख्या UK09 PA 9779 गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती, चौकी गूलर, चौकी शिवपुरी, चौकी ब्यासी और अन्य चौकियों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमें भी बुलाई गईं और रेस्क्यू कार्य में जुट गईं। पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर, थाना प्रभारी मुनिकीरेती और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। फिलहाल खाई में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 6 शवों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 17 घायलों को सड़क तक पहुंचाने के बाद एम्स रेफर किया गया है।

मृतकों में विक्की (37, संभल, उत्तर प्रदेश), पुन्नू (55, टिहरी गढ़वाल), राज राय (जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल), बस चालक राजेंद्र सिंह (48, रुद्रप्रयाग), हेल्पर अनुज भंडारी (27, मुनिकीरेती), दीपक गुप्ता (50) और विकास गुप्ता (60, दोनों शहडोल, मध्य प्रदेश), रोहित कश्यप (35, संभल) और सुशील प्रताप सिलोडी (55, गोपेश्वर, चमोली) शामिल हैं।

घायलों में मोहम्मद वहाब अंसारी, राहुल कुमार, अभिषेक, प्रत्यूष, अर्जुन सौरन, बुधन मुर्मू, तीन वर्षीय आयरा, नूर जहां, राजकुमार, जतिन, पंकज नेगी, संतोष कुमार, वीरेंद्र सिंह, मुन्ना सिंह, सागर, खुशी भट्ट, नवीन, परेश मराठी, आसापंथ, पंकज कांडपाल, अंजू, आर्यन गुप्ता, रमेश चंद, दर्शन सिंह और रामा प्रसाद घोष के नाम शामिल हैं।