नई दिल्ली में लगे ट्रेड फेयर के कई स्टॉलों के पीछे अलग कहानियां हैं। कोई पीढ़ियों से चली आ रही कला को आगे बढ़ा रहा है, तो कोई अपने शहर लौटकर रोज़गार पैदा करने का सपना पूरा कर रहा है। कोई पहली बार अपना कारोबार लेकर मेले में पहुंचा है, तो कोई परिवार की पुरानी विरासत को नई पहचान दे रहा है।

बिहार पवेलियन में मधुरम कुमार झा की मधुबनी पेंटिंग लोगों का ध्यान खींच रही है। उनके परिवार का इस कला से 20-25 साल पुराना नाता है। पहले उनकी दादी पदमश्री बडुआ देवी मेले में स्टॉल लगाती थीं। अब मधुरम इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। उनका कहना है कि हर साल मेले में लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है। उनकी पेंटिंग में धार्मिक विषयों और भगवान से जुड़ी कहानियों को जगह दी जाती है। सबसे महंगी पेंटिंग की कीमत 30 से 40 हजार रुपये तक है। मधुरम 2022-23 में जापान के टोक्यो भी जा चुके हैं।

यूपी पवेलियन में आज़मगढ़ के मुबारकपुर से आए ताबिश का स्टॉल भी है। वह परिवार की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। उनके पिता करीब 20 साल से ट्रेड फेयर में स्टॉल लगाते आ रहे हैं। उनके स्टॉल पर रॉ सिल्क, पूना सिल्क, कतान, ऑर्गेंजा और टसर की हाथ से बनी साड़ियां हैं। उनके पास एक ऐसी साड़ी है जिसे बनाने में 3 महीने तक लगते हैं। इस पर तिल्की-मीना का बारीक काम किया गया है। एक साड़ी बनाने में करीब 1 लाख रुपये लग जाते हैं।

झारखंड के रेशम विभाग ने यहां लाइव प्रदर्शनी लगाई है। इसमें दिखाया जा रहा है कि रेशम का कीड़ा कैसे कोकून बनाता है और उससे धागा निकाला जाता है। प्रोजेक्ट ऑफिसर प्रदीप मातो बताते हैं कि भारत में टसर, मूगा, एरी और मलबरी चार तरह का रेशम मिलता है। झारखंड टसर का बड़े स्तर पर उत्पादन करता है। एरी सिल्क की खासियत है कि इसमें कीड़े को कोकून से निकलने दिया जाता है। फिर बचे खोल से धागा बनाते हैं। कीड़े को नहीं मारने की वजह से इसे अहिंसा सिल्क कहते हैं।

बिहार के नितेश कुमार की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। दिल्ली से कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह बिहार लौटे। उन्होंने देखा कि रोज़गार के लिए बड़ी संख्या में लोगों को दूसरे शहरों में जाना पड़ता है। इसी समस्या को कम करने और बिहार में रोज़गार के मौक़े पैदा करने के लिए उन्होंने फूड स्टार्टअप शुरू किया। इसके ज़रिए आरा के मशहूर पनीर खुरमा को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। यह मिठाई शुद्ध पनीर से तैयार होती है। इसकी कीमत 700 रुपये किलो है। नितेश बताते हैं कि 2022 में उनके स्टार्टअप को मंजूरी मिली और 2023 में कंपनी रजिस्टर्ड हुई। अब पटना में 15 कर्मचारी काम कर रहे हैं। इस बार ट्रेड फेयर में उनकी पहली भागीदारी है। पहले ही दिन करीब 50 किलो खुरमा बिक गया।

मंगलवार को पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने हॉल नंबर 7ए में ट्रैफिक पुलिस के रोड सेफ्टी पवेलियन का उद्घाटन किया। लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए यह पवेलियन बनाया गया है। इस मौक़े पर उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल ट्रैफिक पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। इस दौरान स्पेशल सीपी मनीष अग्रवाल, जॉइंट सीपी संजय जैन, जॉइंट सीपी ट्रैफिक संजय त्यागी, एडिशनल सीपी विजयत आर्या और डीके गुप्ता सहित कई सीनियर पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।