महाराष्ट्र में FDA कमिश्नर के तौर पर सख्त कार्रवाई के बाद चर्चा में आए वरिष्ठ IAS अधिकारी तुकाराम मुंढे ने मुख्यमंत्री पद बनने की इच्छा से जुड़े सवाल का जवाब दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक 22 नवंबर को पुणे के फर्ग्यूसन कॉलेज में आयोजित 'यूथ फेस्टिवल' कार्यक्रम में उनसे यह सवाल पूछा गया। मुंढे ने कहा कि ये चीजें विश लिस्ट का हिस्सा होती हैं, लेकिन उनके पास कोई विश लिस्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले सोलापुर के कलेक्टर रहते हुए अगर किसी ने पूछा होता कि वे कभी FDA कमिश्नर बनेंगे, तो उनका जवाब होता कि उन्हें नहीं पता। मुंढे ने कहा कि वे किसी विश लिस्ट के हिसाब से नहीं जीते, बल्कि वर्तमान में जीना पसंद करते हैं। फिलहाल वे एक लोक सेवक हैं और इसी पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। भविष्य में क्या होगा, यह समय तय करेगा।
इससे पहले एक इंटरव्यू में मुंढे ने कहा था कि वे अपने बच्चों को अधिकारी की बजाय नेता या उद्यमी बनने की सलाह देंगे। उन्होंने कहा था कि अगर बच्चे पूछें कि क्या उन्हें IAS बनना चाहिए, तो उनका सीधा जवाब होगा- बिल्कुल नहीं। उनके मुताबिक आज की युवा पीढ़ी के पास असीमित ऊर्जा और ज्ञान है और उसे ऐसे करियर में नहीं बांधना चाहिए जो आजादी को सीमित कर दे।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाने वाले मुंढे का 21 साल की नौकरी में 25 बार ट्रांसफर हो चुका है। उन्होंने एक बार कहा था कि उन्होंने जनसेवा का कठिन रास्ता खुद चुना था, लेकिन इस दौरान उनके परिवार ने भी काफी कुर्बानियां दी हैं, इसीलिए वे अपने बच्चों के लिए यह रास्ता नहीं चाहते।
लोकप्रियता के सवाल पर मुंढे ने कहा है कि व्यक्तिगत लोकप्रियता से ज्यादा उनके लिए लोगों की भलाई मायने रखती है। उन्होंने कहा कि लोकप्रियता हासिल करना उनका उद्देश्य कभी नहीं था।
