प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक आज होनी है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में संसद के शीतकालीन सत्र की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा हो सकती है। साथ ही सत्र में पेश किए जाने वाले बिलों को मंजूरी दी जा सकती है और कई योजनाओं के प्रस्तावों पर भी स्वीकृति ली जा सकती है।

इससे पहले 18 नवंबर को भारत मंडपम में प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक हुई थी। इस बैठक में गृह और वित्त मंत्रालय समेत 11 मंत्रालयों और विभागों के सचिवों ने प्रेजेंटेशन दिए थे। बैठक में गरीबी कम करने के लिए सरकार की योजनाओं की तारीफ की गई थी।

बैठक में विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का भी जिक्र हुआ था। इसके मुताबिक, 2011 से 2023 के बीच भारत में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए और इस दौरान अत्यधिक गरीबी की दर में 90 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि भारत की संस्कृति 'खाओ पियो और मौज करो' वाली नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने चिंता जताई कि गरीबी से बाहर निकले कई लोग गलत तरीके से पैसे खर्च करने के कारण दोबारा गरीबी में जा सकते हैं।

पिछली बैठक में विकसित भारत के मिशन पर फोकस किया गया था। बताया गया है कि प्रधानमंत्री ने भारत मंडपम में 3.5 घंटे तक मंत्रियों के कामकाज का रिव्यू किया था।