प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक आज सुबह 11 बजे होगी। बैठक में संसद के शीतकालीन सत्र की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा हो सकती है। सत्र में पेश होने वाले बिलों को मंजूरी देने के साथ कई योजनाओं के प्रस्तावों पर भी सहमति बन सकती है।
इससे पहले 18 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में भारत मंडपम में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक हुई थी। गृह और वित्त मंत्रालय समेत 11 मंत्रालयों और विभागों के सचिवों ने बैठक में प्रेजेंटेशन दिए। बैठक में गरीबी कम करने की सरकारी योजनाओं की तारीफ की गई।
बैठक में विश्व बैंक की रिपोर्ट का भी जिक्र हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, 2011 से 2023 के बीच भारत में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए और इस दौरान अत्यधिक गरीबी की दर में 90 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीएम मोदी ने कहा था कि भारत की संस्कृति 'खाओ पियो और मौज करो' वाली नहीं है। उन्होंने चिंता जताई कि गरीबी से बाहर निकले कई लोग गलत तरीके से पैसे खर्च करने के कारण दोबारा गरीबी में जा सकते हैं।
बैठक में विकसित भारत के मिशन पर फोकस किया गया। पीएम ने मंत्रियों के कामकाज का 3.5 घंटे तक रिव्यू किया था।
