उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 के लिए सरकारी कार्मिकों हेतु सार्वजनिक और निर्बन्धित अवकाशों का कैलेंडर जारी कर दिया है। राज्य ब्यूरो, लखनऊ के अनुसार इस बार तीन नए अवकाश सार्वजनिक अवकाशों की सूची में शामिल किए गए हैं। वर्ष 2026 के कैलेंडर में निर्बन्धित अवकाशों की सूची में शामिल रहे मकर संक्रांति, महर्षि वाल्मीकि जयंती और संत रविदास जयंती को अब सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
2027 में कुल 27 सार्वजनिक अवकाश घोषित किए गए हैं। इनमें 14 जनवरी को मकर संक्रांति, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस, 20 फरवरी को संत रविदास जयंती, छह मार्च को महाशिवरात्रि, 10 मार्च को ईद उल फितर, 22 मार्च को होलिका दहन, 23 मार्च को होली, 26 मार्च को गुड फ्राइडे, 14 अप्रैल को डा. भीमराव अंबेडकर का जन्म दिवस, 15 अप्रैल को रामनवमी और 19 अप्रैल को महावीर जयंती शामिल है। इसके अलावा 17 मई को ईदुज्जुहा (बकरीद), 20 मई को बुद्ध पूर्णिमा और 16 जून को मोहर्रम का सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
सूची के अनुसार 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस व बरावफात, 17 अगस्त को रक्षाबंधन, 24 अगस्त को जन्माष्टमी, दो अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती, आठ अक्टूबर को दशहरा महानवमी, नौ अक्टूबर को विजयदशमी, 29 अक्टूबर को दीपावली, 30 अक्टूबर को गोवर्द्धन पूजा, 31 अक्टूबर को भैयादूज व चित्रगुप्त जयंती, 14 नवंबर को गुरुनानक जयंती व कार्तिक पूर्णिमा, 12 दिसंबर को हजरत अली का जन्मदिवस और 25 दिसंबर को क्रिसमस डे का अवकाश रहेगा। 15 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती भी सार्वजनिक अवकाश में शामिल है, लेकिन यह निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंटल एक्ट 1881 के अधीन नहीं रखी गई है, इस दिन बैंक व वित्तीय संस्थाएं खुलेंगी।
छह सार्वजनिक अवकाश शनिवार को और चार रविवार को पड़ेंगे। पांच दिवसीय सप्ताह वाले कार्मिकों को शनिवार को पड़ रहे छह सार्वजनिक अवकाशों का लाभ नहीं मिलेगा, यह लाभ छह दिवसीय सप्ताह वाले कार्मिकों को मिलेगा। निर्बन्धित अवकाशों की संख्या भी 27 है, जिनमें एक जनवरी को नव वर्ष दिवस, 24 जनवरी को शबे बारात व जननायक कर्पूरी ठाकुर जन्म दिवस, 11 फरवरी को बसंत पंचमी और पांच मार्च को जमात-उल-विदा शामिल है। वर्ष 2026 में निर्बन्धित अवकाश 32 थे, सरकार ने बाद में महर्षि वाल्मीकि जयंती और महानवमी के दिन निर्बन्धित अवकाश घोषित किया था। कार्यकारी आदेशों के तहत 15 जनवरी को गुरु गोविंद सिंह जयंती तथा 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर शहीद दिवस पर अवकाश घोषित किया गया है। वाणिज्यिक बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी एक अप्रैल, बुधवार को है।
