उत्तर प्रदेश में सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर लगे हेल्थ एटीएम से जांच कराने वाले मरीजों को जल्द ही कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग हेल्थ एटीएम के संचालन का तरीका बदलने जा रहा है। अभी तक इन एटीएम का संचालन करने वाली एजेंसियां मरीजों से जांच का शुल्क लेती थीं, लेकिन अब सरकार एजेंसियों को भुगतान करेगी। इसके लिए तैयार प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है।
यूपी में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाए गए हेल्थ एटीएम पर खून सहित कई जरूरी जांचों के लिए शुल्क तय था। इनका संचालन करने वाली एजेंसियां शासन द्वारा निर्धारित दरों पर मरीजों की जांच करती थीं। खून की कुछ जांचों के लिए 50 रुपये तक शुल्क लिया जाता था।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयार प्रस्ताव के मुताबिक, हेल्थ एटीएम का संचालन ऐसी एजेंसी को सौंपा जाएगा, जो मरीजों से शुल्क लिए बिना सभी उपलब्ध जांचें करेगी। इसके बदले सरकार एजेंसी को सेवा और संचालन का भुगतान करेगी।
हेल्थ एटीएम के संचालन में मशीनों का खराब होना और समय पर मरम्मत न होना बड़ी चुनौती है। इसे देखते हुए इनके संचालन और निगरानी के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाने की भी तैयारी है। इसके जरिए हेल्थ एटीएम की कार्यशीलता के साथ ही मशीनों से होने वाली जांचों की गुणवत्ता पर भी नजर रखी जा सकेगी।
