मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश दुग्ध उत्पादन के मामले में देश में पहले स्थान पर है। पिछले आठ वर्षों में प्रदेश में दुग्ध उत्पादन में करीब 40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2016-17 में प्रदेश में 277 लाख मीट्रिक टन दूध का उत्पादन होता था, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 388 लाख मीट्रिक टन से अधिक हो गया। देश के कुल दुग्ध उत्पादन में लगभग 16 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है, जबकि राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे प्रमुख दुग्ध उत्पादक राज्य इस सूची में पीछे हैं।

पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम के अनुसार दुग्ध उत्पादन में यह वृद्धि योजनाबद्ध विकास और जमीनी स्तर पर किए गए प्रयासों का परिणाम है। सरकार पशुपालन और डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है। डेयरी क्षेत्र को ग्रामीण रोजगार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के स्वरोजगार और देशी गोवंश के संरक्षण से जोड़कर एक व्यापक आर्थिक मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

गाजियाबाद के हेता मॉडल के जरिए एक हजार से अधिक देशी गायों पर आधारित करीब 10 करोड़ रुपये का सालाना एथिकल डेयरी कारोबार खड़ा हुआ है। इस मॉडल के तहत ए2 दूध, पारंपरिक बिलौना घी, ब्राह्मी घृत, शतधौत घृत, कुकीज, लड्डू, हर्बल चाय, स्किन और हेयर केयर उत्पाद तथा गोमूत्र अर्क समेत 150 से अधिक प्रकार के उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। ये उत्पाद अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, यूरोप, सिंगापुर, दुबई और मध्य-पूर्व के कई देशों तक पहुंच रहे हैं। मॉडल में दूध देना बंद कर चुके वृद्ध गोवंश को भी संरक्षण और देखभाल की व्यवस्था का हिस्सा बनाया गया है।

दुग्ध क्षेत्र में ग्रामीण महिलाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से चार लाख से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक डेयरी कारोबार से जुड़ी हैं। प्रदेश के 31 जिलों में महिला नेतृत्व वाले दुग्ध नेटवर्क के जरिए प्रतिदिन 13 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह किया जा रहा है। इस व्यवस्था से जुड़कर 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मिशन निदेशक अरुण कुमार के अनुसार डिजिटल डेयरी नेटवर्क से दूध की मात्रा, फैट की जांच, कीमत और भुगतान का रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध हो रहा है, जिससे महिलाओं की आमदनी और कारोबार में भागीदारी मजबूत हुई है।