उत्तर प्रदेश प्राइमरी टीचर (PRT) भर्ती परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप कल यानी 23 नवंबर को जारी होने की उम्मीद है। यह स्लिप ऑनलाइन माध्यम से आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जारी होगी। सिटी स्लिप आते ही वेबसाइट के साथ-साथ इस पेज पर भी डायरेक्ट लिंक उपलब्ध करवा दिया जायेगा, जहां से उम्मीदवार लॉग इन डिटेल दर्ज करके केवल 4 स्टेप्स में अपने परीक्षा शहर की जानकारी हासिल कर सकेंगे और पूर्व यात्रा की तैयारी कर सकेंगे।
बता दें कि यूपी PRT भर्ती परीक्षा 3 और 4 दिसंबर को आयोजित की जानी है। उम्मीदवारों को यह भी जानकारी दी जाती है कि परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड एग्जाम डेट से 3 से 4 दिन पूर्व जारी किये जा सकते हैं। परीक्षा 3 और 4 दिसंबर को है, ऐसे में उम्मीद है कि 29 या 30 नवंबर को एडमिट कार्ड जारी हो सकते हैं।
परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रकार के कुल 120 सवाल पूछे जायेंगे। पेपर में भाषा- हिन्दी, संस्कृत व अंग्रेजी, विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक अध्ययन (कक्षा 12 स्तर तक) और डी०एल०एड० पाठ्यक्रम स्तर से- शिक्षण कौशल, बाल मनोविज्ञान, सूचना तकनीकी, जीवन कौशल प्रबन्धन एवं अभिवृत्ति से सवाल होंगे। प्रश्न पत्र हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगा।
पेपर हल करने के लिए अभ्यर्थियों को 120 मिनट यानी दो घंटे का समय दिया जायेगा। प्रत्येक सही उत्तर पर 3 अंक दिए जायेंगे, वहीं प्रत्येक गलत उत्तर पर 1 अंक की माइनस मार्किंग की जाएगी। ऐसे में जिन प्रश्नों के उत्तर अभ्यर्थियों को ज्ञात न हों, उन पर तुक्का लगाने से बचें।
