मानदेय बढ़ाने, सेवानिवृत्ति लाभ देने और छंटनी रोकने की मांगों को लेकर आंदोलन कर रही आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और भोजनमाताओं को उत्तराखंड सरकार ने राहत देने का भरोसा दिया है। सोमवार को सचिवालय में हुई वार्ता में तीनों वर्गों का मानदेय बढ़ाने पर सहमति बनी, जिसके बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया है।
कार्मिक सचिव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि शैलेश बगोली और स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास तथा श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सीटू के नेतृत्व में श्रमिक संगठनों ने सचिवालय पर प्रदर्शन किया और 18 नवंबर को सौंपे गए मांगपत्र के बिंदुओं पर शासन के सामने अपना पक्ष रखा।
वार्ता में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी के साथ सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त राशि देने पर सहमति बनी। इसके लिए हरियाणा की तर्ज पर नियम लागू किए जाएंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी का शासनादेश जारी किया जाएगा और उनके कल्याण कोष में सरकार अपना अंशदान देगी। भोजनमाताओं की छंटनी रोकने और सेवानिवृत्ति पर धनराशि देने का प्राविधान करने पर भी सहमति बनी है।
सीटू के राज्य सचिव लेखराज ने बताया कि मांगों पर सकारात्मक सहमति बनने के बाद आंदोलन स्थगित किया गया है। हालांकि, संगठन के कार्यकर्ता एक दिसंबर को दिल्ली में होने वाली रैली में बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
