उत्तराखंड से बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण उत्तर प्रदेश के तीन सीमावर्ती गांवों के करीब 800 परिवार पिछले 44 दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा क्षेत्र के वीरपुर फतेहउल्लापुर, लोहरा और रजपुरा टांडा गांवों की बिजली सात अक्टूबर को बंद कर दी गई थी। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन के अनुसार, बकाया भुगतान और बड़े पैमाने पर बिजली चोरी के कारण आपूर्ति रोकी गई।

वीरपुर फतेहउल्लापुर गांव में वर्ष 1977 में नैनीताल से बिजली आपूर्ति शुरू हुई थी। वर्ष 2000 में उत्तराखंड राज्य बनने के बाद भी गांव की बिजली व्यवस्था काशीपुर विद्युत वितरण खंड के पास ही रही। करीब 4500 की आबादी वाले इस गांव में जांच में महज 31 वैध बिजली कनेक्शन मिले थे। अधिकारियों के मुताबिक बड़ी संख्या में ग्रामीण बिना कनेक्शन बिजली का इस्तेमाल कर रहे थे और खंभों पर कटिया डालकर बिजली चोरी की जा रही थी, जिससे हर महीने लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था।

बिजली गुल होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और सिंचाई के लिए बिजली न मिलने से खेती पर भी संकट है। पानी की व्यवस्था करने में भी ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। करीब डेढ़ महीने से ग्रामीण बिजली बहाली की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

इस बीच ग्रामीणों को उत्तर प्रदेश के बिजलीघरों से बिजली मिलने की उम्मीद जगी है। चार नवंबर को रुद्रपुर में दोनों राज्यों के विद्युत अधिकारियों की संयुक्त बैठक में 25 दिन के भीतर आपूर्ति बहाल करने पर सहमति बनी है।