उत्तराखंड सरकार के सहकारिता विभाग की दीन दयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत किसानों और स्वयं सहायता समूहों को 1 से 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त लोन दिया जाता है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। योजना के तहत खेती से जुड़े कामों के लिए 1 लाख रुपये तक, गैर-कृषि गतिविधियों जैसे पशुपालन, डेयरी, मुर्गी पालन, मछली पालन, औषधीय या मसालों की खेती, मशरूम और सब्जियों की खेती तथा पॉली हाउस के लिए 3 लाख रुपये तक और स्वयं सहायता समूहों के लिए 5 लाख रुपये तक का लोन मिल सकता है।
पात्रता के लिए छोटे किसान के पास 5 एकड़ तक गैर-सिंचाई जमीन या 2.5 एकड़ तक सिंचाई योग्य जमीन होनी चाहिए। सीमांत किसान के पास 2.5 एकड़ तक गैर-सिंचाई जमीन या 1.25 एकड़ सिंचाई योग्य जमीन होने पर भी आवेदन किया जा सकता है। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवार के सदस्य और उत्तराखंड के किसी स्वयं सहायता समूह के सदस्य भी आवेदन कर सकते हैं। आवेदक का जिला सहकारी बैंक में खाता होना चाहिए और एक परिवार से केवल एक सदस्य को ही योजना का लाभ मिलेगा। अभी तक इस योजना के लिए आय की कोई सीमा तय नहीं की गई है।
1 से 3 लाख रुपये तक के लोन के लिए आवेदक को सहकारी समिति का सदस्य बनना होगा। इसके बाद सहकारी बैंक या समिति से आवेदन फॉर्म लेकर भरा जा सकता है। आवेदक को अपनी संपत्ति की पूरी जानकारी देनी होगी और दो गारंटर भी देने होंगे। 5 लाख रुपये तक के लोन के लिए स्वयं सहायता समूह को प्रोजेक्ट रिपोर्ट जमा करनी होगी। यह लोन किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि स्वयं सहायता समूह को दिया जाएगा।
सहकारी बैंक की ओर से दिए जाने वाले इस लोन पर कोई ब्याज नहीं लिया जाएगा, लेकिन तय समय में पैसा लौटाना होगा। ऐसा न करने पर पेनल्टी ली जा सकती है। 1 लाख रुपये तक के क्रॉप लोन को खाते में पैसा आने की तारीख से 1 साल में और 3 लाख रुपये के लोन को 3 साल में लौटाना होगा। खेती के लिए लोन लेने से पहले किसान को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसल का बीमा कराना होगा। आवेदन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, आय व व्यय प्रमाण पत्र, चल रहे किसी लोन की जानकारी, जमीन और डिपॉजिट से जुड़ी जानकारी तथा पासपोर्ट साइज फोटो की जरूरत होगी।
