उत्तराखंड हाई कोर्ट ने पूर्व मुख्य न्यायाधीशों और पूर्व न्यायाधीशों के लिए प्रोटोकाल, चिकित्सा, परिवहन और गेस्ट हाउस जैसी सुविधाओं को लेकर नई विस्तृत गाइडलाइन जारी की है। हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल कौशल किशोर शुक्ला की ओर से 17 नवंबर को जारी इस गाइडलाइन को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। इन सुविधाओं का लाभ पूर्व जजों के साथ-साथ उनके पति या पत्नी और परिवार के सदस्यों को भी मिलेगा।

गाइडलाइन के अनुसार पूर्व जजों के नई दिल्ली स्थित एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन आने-जाने पर प्रोटोकॉल अधिकारी उनकी अगवानी करेंगे। अधिकारी उनके घर से एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन तक साथ जाएंगे और सामान पहुंचाने में मदद करेंगे, जबकि वापसी में उन्हें उनके निवास तक छोड़ा जाएगा। अगर पूर्व जज किसी दूसरे राज्य जा रहे हैं, तो संबंधित सरकार और हाई कोर्ट को उनका टूर प्रोग्राम भेजा जाएगा, ताकि वहां भी उन्हें प्रोटोकॉल और गेस्ट हाउस की सुविधा उपलब्ध हो सके। विदेश यात्रा के दौरान इंडियन मिशन को भी सूचना दी जाएगी। यह सुविधा उन पूर्व जजों को भी मिलेगी जो किसी आयोग या ट्रिब्यूनल में अध्यक्ष या सदस्य के रूप में कार्यरत हैं।

दिल्ली और उत्तराखंड में पूर्व जजों के इलाज के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उन्हें इलाज और यात्रा के दौरान आधिकारिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। हाई कोर्ट के गेस्ट हाउस में ठहरने की व्यवस्था भी कराई जाएगी, जिसका निर्धारित शुल्क देना होगा। पूरी व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए हाई कोर्ट के साथ ही उत्तराखंड सदन दिल्ली और प्रदेश के सभी 13 जिलों में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

बता दें कि इसी साल जुलाई में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया था कि सेवानिवृत्त हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों और न्यायाधीशों को मिलने वाली सेवानिवृत्ति के बाद की सुविधाओं के लिए पूरे देश में एक समान नीति बनाई जाए। फिलहाल देश के अलग-अलग राज्यों में सेवानिवृत्त जजों को सुविधाओं से संबंधित अलग-अलग गाइडलाइन हैं।