उत्तराखंड में हिमालयन चेरी यानी पदम वृक्ष के संरक्षण और संवर्धन के लिए पदम महोत्सव को भव्य स्वरूप दिए जाने की तैयारी है। वन अनुसंधान केंद्र कालिका (रानीखेत) ने बीते वर्ष इस महोत्सव की शुरुआत की थी। अब इसे पर्यावरण पर्यटन से जोड़कर ग्रामीणों और विद्यार्थियों को इसका हिस्सा बनाने की योजना बनाई गई है। इस बार रानीखेत के साथ ही ज्योलीकोट (गाजा, नैनीताल), पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और गोपेश्वर (गढ़वाल) में महोत्सव मनाया जा रहा है।
वन क्षेत्राधिकारी राम सिंह जेठा के अनुसार सैलानियों और शोधार्थियों को आकर्षित करने के लिए पदम ट्रेल वॉक और सेल्फी प्वाइंट्स बनाए जा रहे हैं। गांवों में पैदल रास्तों और बंजर भूमि पर पदम के पौधे लगाकर ग्राम पदम उद्यान तैयार किए जा रहे हैं, जो मौन पालन के जरिये ग्रामीणों की आजीविका का साधन बन सकते हैं। इससे परागण में मदद मिलने से फल, सब्जियों और अन्य फसलों के बीजों की गुणवत्ता भी बेहतर हो सकेगी।
पर्वतीय लोक संस्कृति में पदम का विशेष स्थान है। मंदिरों और विवाह मंडप के तोरणद्वार तथा दुल्हन की डोली को पदम की टहनियों और पत्तियों से सजाने की पौराणिक परंपरा है। होलीकृत्सव में चीर बंधन, कलशयात्रा, गृहप्रवेश और धार्मिक अनुष्ठान समेत मांगलिक कार्यों में इसका उपयोग होता है। अनुसंधान अधिकारी मनोज सिंह के अनुसार पदम में मौजूद सकुरानेटिन, प्रुनेटिन, जेनिस्टीन और नारिनजेनिन जैसे तत्व शक्तिशाली एंटी ऑक्सीडेंट हैं। छाल में पाए जाने वाले आइसोफ्लेवोंस हड्डियां मजबूत करते हैं और ऊतकों की मरम्मत करते हैं, जबकि ग्लाइकोसाइड्स दर्द निवारक और रोगाणुरोधी हैं। फलों में मौजूद टैनिन और फेनोलिक एसिड त्वचा रोग व संक्रमण रोकने तथा घाव भरने में सहायक हैं।
पदम (प्रूनस सेरासोइड्स) समुद्रतल से 1200 से 2400 मीटर की ऊंचाई तक उत्तराखंड, हिमाचल, चीन और बर्मा में मिलता है। यह पर्वतीय लोक संस्कृति से जुड़ा मित्र वृक्ष है, जो आबादी और खेतखलिहानों के आसपास ही उगता है और वन क्षेत्रों में कम मिलता है। पलायन के कारण इसके संरक्षण की जरूरत है। डीएफओ वन वर्द्धनिक कुमाऊं विवेक तिवारी के अनुसार भविष्य में पदम महोत्सव को आमजन से जोड़कर बड़ा रूप देने की योजना है।
