वाराणसी के आराजीलाइन विकास खंड के नरसड़ा गांव में कृषक उत्पादक एवं औद्योगिक विपणन सहकारी समिति के तत्वावधान में बेटर लाइफ फार्मिंग सेंटर का शुभारंभ हुआ। शनिवार को ऋषि प्रकाश सिंह ने इसका उद्घाटन किया। कार्यक्रम में सैकड़ों किसानों को कुदरत-9 गेहूं के बीज निःशुल्क दिए गए और कृषि में योगदान के लिए प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ काशी प्रांत के गौ सेवा प्रमुख अरविंद सिंह ने उन्नत और गौ आधारित प्राकृतिक खेती के सुझाव दिए। बायर कंपनी के महेश मौर्य ने फसल रोगों और कीट नियंत्रण की जानकारी दी, जबकि मनीष मिश्रा ने कीटनाशक छिड़काव के दौरान सुरक्षा साधनों के उपयोग पर जोर दिया।
कुदरत-9 गेहूं की बौनी किस्म है। यह फसल लगभग 120 दिनों में तैयार होती है और इसकी उत्पादन क्षमता 25 से 30 क्विंटल प्रति एकड़ है। इसकी बुआई का उपयुक्त समय नवंबर से दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक है।
समिति अध्यक्ष सर्वेश्वर नारायण सिंह और सचिव अनुप सिंह ने कहा कि यह सेंटर किसानों को बीज, तकनीक और मार्गदर्शन देगा।
