भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वाराणसी में 28 और 29 नवंबर को मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत विशेष शिविर लगाए जाएंगे। जिले के सभी 3220 बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पंकज कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान बीएलओ आलेख्य मतदाता सूची पढ़ेंगे और मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6, नाम, पता, आयु, लिंग और जन्मतिथि जैसी त्रुटियों में सुधार के लिए फार्म-8 तथा किसी प्रविष्टि पर आपत्ति के लिए फार्म-7 भरा जा सकता है। आवेदन के साथ नवीनतम रंगीन फोटो और आयु एवं पते के प्रमाण के दस्तावेज संलग्न करने होंगे। मतदाता ईसीआईनेट मोबाइल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

अभियान के दिनों में जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और पर्यवेक्षकीय अधिकारी बूथों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। किसी बीएलओ के अनुपस्थित पाए जाने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। जिन स्थानों पर मतदान केंद्र स्थापित हैं, वहां के शिक्षण संस्थान, कार्यालय एवं अन्य संस्थान इन दिनों खुले रहेंगे।

अभियान के तहत नागरिक आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं। ऐसे युवा भी आवेदन कर सकते हैं जिनकी आयु एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है अथवा पूर्ण हो चुकी है। जिन मतदाताओं का नाम अभी तक सूची में दर्ज नहीं है, वे भी फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से विशेष अभियान का लाभ उठाकर पंजीकरण एवं आवश्यक संशोधन कराने की अपील की है।