वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र स्थित कोरौती गांव के पास सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन व चालक की तलाश कर रही है।

मृतक की पहचान खेवसीपुर गांव निवासी चंदन पटेल के रूप में हुई है। वह सोमवार सुबह किसी काम से कोरौती गांव के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए चार पहिया वाहन ने उसे जोरदार धक्का मार दिया। टक्कर लगने के बाद चंदन सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता का नाम चंद्रशेखर पटेल और माता का नाम गीता देवी है। चंदन दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था और मेडिकल की तैयारी कर रहा था। परिवार वालों के अनुसार वह पढ़ाई में होनहार था और डॉक्टर बनकर परिवार का नाम रोशन करना चाहता था। बेटे की मौत से मां गीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

थानाध्यक्ष पीयूष कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन का पता लगाकर चालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।