दिल्ली के पूर्वी इलाके विवेक विहार में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक दो मंजिला इमारत गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति और एक बच्चे की मौत हो गई। मलबे से 6-7 लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। कुछ लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है, जिन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू टीम तलाश कर रही है। मलबे से टूटी हुई कंक्रीट की स्लैब और लोहे की छड़ें बाहर निकली हुई हैं।
दिल्ली में इस साल इमारत गिरने की यह पहली घटना नहीं है। 5 नवंबर को एक तीन मंजिला निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरने से 2 लोगों की मौत हुई थी। इस साल दिल्ली में इमारत गिरने की घटनाओं में अब तक 21 लोगों की जान जा चुकी है और ऐसे 5 बड़े हादसे दर्ज हुए हैं।
30 मई को सैदुलाजाब इलाके में वेस्टर्न मार्ग पर चार मंजिला व्यावसायिक इमारत ढह गई थी। इसमें कोचिंग सेंटर, कैफे और ऑफिस चल रहे थे। मलबा पास की कैंटीन पर भी गिरा, जहां छात्र मौजूद थे। हादसे में 6 लोगों की मौत हुई और 13 घायल हुए। 8 जुलाई को रोहिणी सेक्टर-16 में बारिश के दौरान दो निर्माणाधीन इमारतें ढह गईं, जिनमें 3 लोगों की मौत हुई।
21 अगस्त को करोल बाग के रेगरपुरा इलाके में प्यारे लाल रोड पर इमारत का हिस्सा गिरा, जहां तोड़ने का काम चल रहा था। इसमें एक मजदूर की मौत हुई और दो घायल हुए। 6 सितंबर को सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत ढह गई, जिसमें लड़कों का PG चल रहा था। हादसे के समय बेसमेंट में मरम्मत का काम हो रहा था। इसमें 7 लोगों की मौत हुई और 5 घायल हुए। 7 अक्टूबर को सीमापुरी इलाके में चार मंजिला इमारत का अगला हिस्सा ढह गया, जिसमें 4 लोगों की मौत हुई और 8 घायल हुए।
