साइबर यूनिट ने वाट्सएप वेब के सुरक्षित उपयोग को लेकर एडवाइजरी जारी की है। इसमें आगाह किया गया है कि कुछ खास परिस्थितियों में लॉग-इन किए गए वाट्सएप वेब सेशन का गलत इस्तेमाल करके किसी यूजर के वाट्सएप अकाउंट तक बिना अनुमति के पहुंच बनाई जा सकती है। ऐसी अनधिकृत पहुंच से साइबर बदमाश मैसेज पढ़ सकता है, पहचान का इस्तेमाल करके दूसरों को मैसेज भेज सकता है और कॉन्टैक्ट्स तथा ग्रुप बातचीत तक पहुंच सकता है। इसके अलावा वह अकाउंट होल्डर की पहचान का गलत इस्तेमाल करके धोखाधड़ी, फिशिंग, सोशल इंजीनियरिंग या अन्य हानिकारक गतिविधियों को अंजाम दे सकता है।

एडवाइजरी में कहा गया है कि उपयोगकर्ता कार्यालयीन कंप्यूटर, साझा सिस्टम, सार्वजनिक कंप्यूटर या ऐसे उपकरणों पर वाट्सएप वेब का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें। सरकारी, संगठनात्मक, वित्तीय, गोपनीय या अन्य संवेदनशील जानकारियों का आदान-प्रदान कंप्यूटर पर वाट्सएप वेब सत्र के जरिए न करने की सलाह दी गई है। साथ ही वाट्सएप वेब को स्थायी रूप से लॉग-इन न रखने, विशेषकर कार्यालय या साझा कंप्यूटरों पर इसे खुला न छोड़ने और काम पूरा होने के बाद मैन्युअल रूप से लॉग-आउट करने की आदत अपनाने पर जोर दिया गया है।

स्पष्ट किया गया है कि केवल ब्राउजर विंडो या टैब बंद कर देने को लॉग-आउट नहीं माना जाना चाहिए। अगर वाट्सएप वेब का अस्थायी उपयोग अनिवार्य हो तो विश्वसनीय कंप्यूटर पर इंक्राग्निटो या प्राइवेट ब्राउजिंग मोड का उपयोग करने और ब्राउजर बंद करने से पहले मैन्युअल रूप से लॉग-आउट करने का निर्देश दिया गया है। साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क, होटल बिजनेस सेंटर, उधार लिए गए कंप्यूटर या अन्य अविश्वसनीय सिस्टम पर वाट्सएप वेब में लॉग-इन न करने की हिदायत दी गई है।

एडवाइजरी में खाते से भेजे गए अप्रत्याशित संदेशों, संपर्कों से आए असामान्य उत्तरों या अस्पष्ट गतिविधियों को गंभीरता से लेने की सलाह दी गई है। ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सुरक्षा सॉफ्टवेयर को अपडेट रखते हुए संदिग्ध डाउनलोड, अज्ञात फाइलों, क्रैक्ड सॉफ्टवेयर और अविश्वसनीय स्रोतों से बचने को कहा गया है।