पूर्वी दिल्ली के यमुनापार इलाके में अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। बाजारों के साथ-साथ रिहायशी इलाकों, फुटपाथों और सर्विस लेन पर भी अवैध कब्जे फैल रहे हैं। नगर निगम की बैठकों में पार्षद इस मुद्दे को बार-बार उठा रहे हैं और अधिकारियों से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में बदलाव नहीं दिख रहा है।
वार्ड कमेटी की बैठकों में पार्षदों ने लाइसेंस निरीक्षकों (एलआई) पर दुकानों से हर महीने धन उगाही कर अवैध कब्जों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है। पार्षदों का यह भी कहना है कि इन आरोपों को लेकर अब तक कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है।
लक्ष्मी नगर वार्ड की पार्षद अलका राघव ने पिछली बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि रेहड़ी-पटरी वालों ने घरों के सामने, मोहल्लों और चौराहों पर स्थायी रूप से कब्जा जमा लिया है, जिससे स्थानीय निवासियों को आवाजाही में परेशानी होती है। उन्होंने यह भी कहा था कि बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होती, जिसका असर त्योहारों के दौरान जाम के रूप में देखने को मिला।
पार्षद रामकिशोर शर्मा ने विकास मार्ग पर चौड़े फुटपाथ और सर्विस लेन पर हुए अतिक्रमण का मुद्दा उठाया था। उन्होंने शकरपुर स्कूल ब्लॉक के पास अवैध रूप से चल रही मछली मंडी का भी जिक्र किया और कहा कि कई बार शिकायत के बाद भी मंडी नहीं हटाई गई। उन्होंने अधिकारियों पर धन उगाही का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठने की चेतावनी दी थी। पार्षद रेनू चौधरी समेत अन्य पार्षदों ने भी अपने क्षेत्रों में बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता जताई और एलआई की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।
