अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में वाहन पर तैनात एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल प्रणाली 'बघीरा एटी1' का सफल प्रदर्शन किया है। कंपनी ने शनिवार को यह जानकारी दी। कंपनी के अनुसार, इस प्रणाली को 18 महीने के डिजाइन और विकास के बाद भारतीय भूभाग, जलवायु और परिचालन संबंधी जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है। यह एक संपूर्ण युद्ध प्रणाली है, जिसमें मिसाइल, ऑटोमेटिक लॉन्चर, दिन और रात में लक्ष्य देखने के लिए साइट्स तथा अदाणी डिफेंस द्वारा डिजाइन किया गया 4x4 हाई-मोबिलिटी बख्तरबंद वाहन शामिल है।

कंपनी के मुताबिक, यह प्रणाली 8 किलोमीटर तक की दूरी पर मौजूद बख्तरबंद वाहनों को निशाना बना सकती है, जो जमीन से दागी जाने वाली एंटी-टैंक मिसाइल की लगभग 4 किलोमीटर की मारक क्षमता से दोगुनी है। स्वचालित लॉन्चर पर दागने के लिए तैयार चार मिसाइलें और वाहन में रखी आठ अतिरिक्त मिसाइलें मिलकर प्रति वाहन कुल 12 मिसाइलों की क्षमता देती हैं। यह मिसाइल रेडियो लिंक के बजाय लेजर बीम के सहारे लक्ष्य तक पहुंचती है, जिससे युद्धक्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग के खिलाफ इसकी प्रतिरोधक क्षमता बढ़ जाती है।

एक ही लक्ष्य पर एक ही लेजर बीम के जरिए तेजी से दो मिसाइलें दागी जा सकती हैं। पहली मिसाइल टैंक के एक्टिव प्रोटेक्शन सिस्टम (एपीएस) को निशाना बनाती है, जबकि दूसरी उसकी सुरक्षा व्यवस्था को भेदने के लिए डिजाइन की गई है। यह प्रणाली अधिक दूरी पर हवाई लक्ष्यों को भी निशाना बना सकती है। इससे चालक दल को सुरक्षित ठिकाने से मिसाइल दागने और दुश्मन की गोलीबारी का खतरा कम करने के लिए तेजी से स्थान बदलने की सुविधा मिलती है।

अदाणी डिफेंस के अनुसार, 20 नवंबर को पोखरण में हुए 'नो कॉस्ट नो कमिटमेंट' (एनसीएनसी) प्रदर्शन को भारतीय सेना, सैन्य मामलों के विभाग और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने देखा। कंपनी ने कहा कि सेना में वर्तमान में दूसरी पीढ़ी की 'मिलान-2टी' और 'कोंकर्स-एम' मिसाइलें मुख्य आधार बनी हुई हैं, जबकि तत्काल परिचालन जरूरतों के लिए बाद में 'स्पाइक' मिसाइलों को भी शामिल किया गया। भारत 'जैवलिन' प्रणालियों की खरीद की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। कंपनी के मुताबिक, देश का रक्षा उत्पादन वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 1.78 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जिसमें निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी एक साल पहले के 22 प्रतिशत से बढ़कर 24 प्रतिशत यानी लगभग 42,000 करोड़ रुपए हो गई, जबकि रक्षा निर्यात भी रिकॉर्ड 38,424 करोड़ रुपए पर पहुंचा।