संभल के नखासा थाना क्षेत्र के गांव हिसामपुर निवासी रहीश अहमद से सात लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने बिहार के दरभंगा निवासी पंकज कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित ने रहीश को एपीके फाइल भेजकर उनका मोबाइल फोन हैक किया और बैंक खाते से रकम निकाल ली। मामला नवंबर 2024 में साइबर क्राइम थाने में दर्ज हुआ था।
जांच के मुताबिक ठगी की रकम में से चार लाख रुपये पंकज के उस फर्जी बैंक खाते में पहुंचे थे, जो फर्जी दस्तावेजों से खोला गया था। पंकज पहले कोलकाता के एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था। आरोप है कि उसने मेडिकल स्टोर संचालक राजेश कुमार साहू को कागजों में अपना पिता दर्शाते हुए उनके नाम से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आइडी बनवाई और इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर कोलकाता की केनरा बैंक में खाता खुलवा लिया। बताया जा रहा है कि स्टोर संचालक ने वर्ष 2021 में ही पंकज को नौकरी से हटा दिया था।
पुलिस के अनुसार घटना के समय दो लाख रुपये होल्ड कराए गए थे, जबकि एक लाख रुपये आरोपित ने दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए। साइबर थाने के प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह के अनुसार पंकज कोलकाता में साइबर ठगी के आरोपित आरिफ के संपर्क में था और यह पांच लोगों का गिरोह है। गिरोह के चार सदस्यों — आरिफ (कोलकाता), शमीमउल्ला (कर्नाटक के यादगीर जिले के सोरपुर पोस्टर हुनसंगी निवासी), कमल सिंह (मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के गांव घोघरी निवासी) और नयन (बंगाल के मुर्शीदाबाद जिले के चोन्याडांगा बिरहामपुर बोइनकुइटला निवासी) — के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस 11 नवंबर को आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है।
पुलिस ने पंकज को 19 नवंबर को गिरफ्तार किया। उसके पास से सैमसंग मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आइडी कार्ड और एयरटेल पेमेंट डेबिट कार्ड बरामद हुआ। तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लेने के बाद शनिवार को उसका चालान कर दिया गया। पूछताछ में आरोपित पंकज ने बताया कि वह ठगी की रकम से गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करता और शराब पीता था।
