अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने राजस्थान के पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में 20 नवंबर को अपनी नई व्हीकल-माउंटेड एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल सिस्टम बघीरा AT1 का सफल प्रदर्शन किया। इस डेमो में दिन और रात दोनों समय कुल 4 मिसाइलें दागी गईं और टारगेट को भेदा गया। एक ही बीम पर दो मिसाइलें एक साथ दागकर टैंक को नष्ट किया गया। यह नो कॉस्ट, नो कमिटमेंट यानी NCNC डेमो था, जिसमें कंपनी ने अपने खर्च पर सेना को सिस्टम दिखाया।
इस प्रदर्शन को भारतीय सेना, डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स और रक्षा मंत्रालय के सीनियर अधिकारियों ने देखा। प्रदर्शन के बाद पूरे सिस्टम को स्थिर अवस्था में भी दिखाया गया। कंपनी के मुताबिक, बघीरा AT1 को तैयार करने में 18 महीने लगे और इसे भारतीय भूभाग, मौसम और सैन्य जरूरतों के हिसाब से बनाया गया है।
सिस्टम की खासियत यह है कि एक वाहन पर कुल 12 मिसाइलें ले जाई जा सकती हैं। ऑटोमेटेड लॉन्चर पर दागने के लिए 4 मिसाइलें तैयार रहती हैं, जबकि 8 अतिरिक्त मिसाइलें वाहन में रखी जाती हैं। इसमें दिन के लिए टेलीविजन और थर्मल इमेजिंग साइट्स हैं, जिनमें ऑटोमेटेड टारगेट ट्रैकिंग की सुविधा है। चालक दल कवर लेकर हमला कर सकता है और दुश्मन की फायरिंग से बचने के लिए तेजी से स्थान बदल सकता है।
कंपनी ने कहा कि हाल के संघर्षों ने बख्तरबंद लड़ाई में रेंज और गतिशीलता की अहमियत दिखाई है। बघीरा AT1 सेना को मैन-पोर्टेबल और हेलिकॉप्टर से दागी जाने वाली मिसाइलों के साथ लंबी दूरी की मोबाइल ग्राउंड क्षमता देता है। भारतीय सेना में अभी दूसरी पीढ़ी की मिलान-2T और कॉनकर्स-M मिसाइलें मुख्य आधार हैं, जबकि स्पाइक मिसाइलें तत्काल जरूरतों के लिए शामिल की गईं। अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस अडाणी ग्रुप का हिस्सा है और कंपनी जमीन, हवा और समुद्र से जुड़ी रक्षा क्षमताएं तैयार कर रही है।
