ऑपरेशन वज्र के तहत जांच एजेंसियों की सख्ती के बाद नशे के कारोबारियों ने सिंथेटिक ड्रग बनाने और आपूर्ति के नए तरीके अपनाने शुरू कर दिए हैं। हाल की छापेमारियों में यह पुष्टि हुई है कि कहीं गुलाब जल की फैक्ट्री की आड़ में और कहीं धूपबत्ती बनाने की इकाई में मेफेड्रोन जैसी सिंथेटिक ड्रग तैयार की जा रही थी। आपूर्ति के लिए अब सार्वजनिक परिवहन का सहारा लिया जा रहा है।
29 अक्टूबर को जालौन के ऐरी रमपुरा क्षेत्र में डीआरआई और एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में मेफेड्रोन बनाने की एक लैब पकड़ी गई, जो गुलाब जल तैयार करने वाली फैक्ट्री में चल रही थी। यहां से 15.44 किलो मेफेड्रोन, बड़ी मात्रा में अर्ध प्रसंस्कृत रसायन, अन्य पदार्थ और उपकरण बरामद हुए तथा दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके दस दिन बाद आठ नवंबर को मऊ जिले के ताजोपुर औद्योगिक क्षेत्र में धूपबत्ती बनाने की एक फैक्ट्री में चल रही इसी तरह की लैब पकड़ी गई। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सीबीएन की संयुक्त टीमों की इस कार्रवाई में 11.7 किलो मेफेड्रोन विभिन्न चरणों में प्रसंस्कृत मिला, साथ ही रसायन और लैब उपकरण जब्त किए गए तथा दो आरोपित गिरफ्तार किए गए।
दो जिलों में एक ही मॉडल पर चल रही गोपनीय लैब मिलने से आशंका बढ़ गई है कि अन्य जिलों में भी इस तरह से सिंथेटिक ड्रग तैयार किया जा सकता है। एजेंसियां इस अवैध कारोबार में उत्पादन, निवेश, रसायनों की आपूर्ति और तैयार माल के वितरण नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। इनकी आपूर्ति के तरीके भी बदले नजर आ रहे हैं। 19 नवंबर को डीआरआई की नोएडा क्षेत्रीय इकाई ने यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में एक यात्री दिल्ली निवासी रवि कुमार को पकड़ा और उसके ट्राली बैग से 2.974 किलो क्रिस्टल मेथ बरामद हुई, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई।
सेवानिवृत्त डीजीपी अरविंद कुमार जैन का कहना है कि नशे का कारोबार नए तौर-तरीकों से आगे बढ़ रहा है। किसी लैब या खेप को पकड़ना कार्रवाई का एक हिस्सा है, लेकिन उसके संचालकों, फंडिंग करने वालों, सप्लायरों और खरीदारों तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना जरूरी है। दूसरी चुनौती युवाओं को नशे का ग्राहक बनने से बचाना है।
