पूर्वांचल में रेडीमेड कपड़ा उद्योग को नई पहचान देने की दिशा में गीडा का गारमेंट पार्क अब धरातल पर उतरता नजर आ रहा है। दूसरे शहरों में कारोबार कर रहे स्थानीय उद्यमियों का अपने जिले में निवेश के लिए आगे आना इस परियोजना की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है। गोरखपुर के उद्यमी अशोक प्रसाद ने यहां अपनी औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की पहल की है, जबकि आकाश यादव ने भी अपनी फैक्ट्री लगाई है। कोलकाता में गारमेंट फैक्ट्री संचालित कर रहे अशोक प्रसाद अब अपने शहर में ही उद्योग लगाने जा रहे हैं और उनकी इकाई के लिए 100 सिलाई मशीनें गोरखपुर पहुंच चुकी हैं।
गीडा के सेक्टर-26, भीटी रावत में पांच एकड़ क्षेत्रफल में विकसित प्रदेश के पहले गारमेंट पार्क में 101 औद्योगिक भूखंड तैयार किए गए हैं। इस परियोजना का मकसद छोटे-बड़े उद्यमियों को एक ही स्थान पर वस्त्र निर्माण से जुड़ी औद्योगिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अब तक इस क्षेत्र में बड़े औद्योगिक निवेश के अवसर सीमित होने के कारण उद्यमियों को दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था। गारमेंट पार्क इस स्थिति को बदलने की क्षमता रखता है और दो नई इकाइयों की तैयारी इसी बदलाव का संकेत है।
यहां रेडीमेड कपड़ा उद्योग की पूरी उत्पादन श्रृंखला को एक साथ जोड़ने की योजना है। सोना इंडस्ट्रीज, मनोरमा इंडस्ट्रीज, पूर्णिमा इंडस्ट्रीज, क्लाथ आर्ट वर्ल्ड और सम्यक एंटरप्राइजेज जैसी इकाइयों के लिए भी यहां औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं हैं। पार्क में कपड़ों की कटाई, सिलाई, डिजाइनिंग, कढ़ाई, प्रिंटिंग, फिनिशिंग और पैकेजिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना है, जिससे तैयार कपड़ों के उत्पादन की अलग-अलग प्रक्रियाएं एक ही परिसर में पूरी हो सकेंगी। कपड़ा, धागा, बटन, पैकेजिंग और परिवहन से जुड़े कारोबारों को भी इसका लाभ मिलेगा।
गीडा एसीईओ रामप्रकाश ने कहा कि रेडीमेड गारमेंट उद्योग रोजगार की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। सिलाई मशीन संचालन, कटिंग, कढ़ाई, डिजाइनिंग, गुणवत्ता जांच और पैकेजिंग में बड़ी संख्या में कुशल और अर्द्धकुशल कामगारों की जरूरत होती है। ऐसे में फैक्ट्रियों के संचालन से महिलाओं और युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। खासकर महिलाओं को घर के आसपास काम मिलने से आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर बढ़ेंगे। गीडा के सीईओ विशाल कुमार के अनुसार, पांच एकड़ में 101 भूखंडों का विकास और स्थानीय उद्यमियों का निवेश के लिए आगे आना इस परियोजना की प्रगति को दर्शाता है। आने वाले समय में यहां उत्पादन इकाइयों की संख्या बढ़ने के साथ गोरखपुर पूर्वांचल में रेडीमेड कपड़ा निर्माण के नए केंद्र के रूप में उभर सकता है।
