छत्तीसगढ़ के 660 करोड़ रुपये के दवा घोटाले के आरोपी कारोबारी शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा बताया और रकम न देने पर परिवार के एक सदस्य की हत्या की धमकी दी। बताया जा रहा है कि जिस नंबर से फोन आया, वह पुर्तगाल का है। धमकी के बाद कारोबारी के स्वजन भयभीत हैं।
शिकायत पर दुर्ग पुलिस ने सिटी कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कारोबारी के घर के बाहर पुलिसकर्मी की तैनाती कर दी गई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि धमकी देने वाला वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है या उसने कारोबारी को डराने के लिए गैंग का नाम इस्तेमाल किया है। फिलहाल पुलिस किसी संगठित गैंग की संलिप्तता की पुष्टि नहीं कर रही है। फोन करने वाले की पहचान, मोबाइल नंबर की लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
शशांक चोपड़ा का नाम छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन में दवा और मेडिकल उपकरण खरीदी से जुड़े 660 करोड़ रुपये के घोटाले में सामने आया था। मोक्षित कॉर्पोरेशन पर निविदा में कथित गड़बड़ी कर अधिक दरों पर आपूर्ति का आरोप है। एसीबी-ईओडब्ल्यू ने जनवरी 2025 में प्राथमिकी दर्ज कर चोपड़ा को गिरफ्तार किया था। बाद में ईडी ने मोक्षित कॉर्पोरेशन और उससे जुड़े लोगों की कुल 123 संपत्तियां जब्त की थीं।
