विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का घोड़ा बाजार घोड़ों की हिनहिनाहट से गुलजार हो उठा है। मेले में प्रवेश करते ही घोड़ों की आवाज, टापों की गूंज और साईसों की पुकार सुनाई दे रही है। सोनपुर मेला जाने वाले मुख्य मार्ग के उत्तर स्थित आम के बगीचे में घोड़ा बाजार की रौनक देखते ही बन रही है, जहां सफेद, काले, भूरे, चितकबरे और लाल-भूरे रंग के सैकड़ों घोड़े कतार में खड़े मेले की शोभा बढ़ा रहे हैं।
घोड़ा बाजार में दर्शकों और खरीदारों की भीड़ जुटने लगी है। बच्चे हों या बुजुर्ग, सभी घोड़ों को करीब से देखने, उनकी चाल परखने और तस्वीरें खिंचवाने पहुंच रहे हैं। खरीदार घोड़ों की नस्ल, उम्र, चाल और कीमत को लेकर मालिकों से मोलभाव कर रहे हैं, जबकि घोड़ा मालिक अपने घोड़ों की खूबियां बताकर ग्राहकों को आकर्षित करने में जुटे हैं। बाहर से आए व्यापारियों के अनुसार, घोड़ों के पहुंचने का सिलसिला अभी जारी है और आने वाले दिनों में और घोड़ों के पहुंचने से बाजार की रौनक बढ़ने की उम्मीद है।
विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 का आगाज रविवार को भव्य तरीके से होगा। 32 दिवसीय मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शाम पांच बजे करेंगे। समारोह में बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव के अलावा राजस्व, पर्यटन, कला-संस्कृति सहित विभिन्न विभागों के मंत्री, मुख्य सचिव और राज्य सरकार के कई वरीय अधिकारी शामिल होंगे।
विशिष्ट अतिथियों के आगमन, आवासन और समारोह स्थल तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। स्वागत, सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त आदेश जारी कर अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
