आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तालग्राम क्षेत्र में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर एंबुलेंस से टकराकर तीन लेन में पलट गया। हादसे में एंबुलेंस सवार एक युवक घायल हो गया, जबकि अन्य सवार बाल-बाल बच गए। ट्रेलर में लदे चूना पाउडर के पैकेट सड़क पर बिखर जाने से एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ।

जानकारी के अनुसार, बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कूड़नी निवासी मनीष कुमार पुत्र संजय पटेल एक प्राइवेट एंबुलेंस से दिल्ली से मुजफ्फरपुर जा रहे थे। उनके साथ सहायक चालक सुनील कुमार यादव, हेल्पर अरुण कुमार और उमेश कुमार सवार थे। रविवार रात करीब एक बजे तालग्राम क्षेत्र के किमी संख्या 170.15, मुसाफिरपुर गांव के पास एंबुलेंस चालक ने ब्रेक लगाए, तभी पीछे से आ रहा ट्रेलर उससे साइड में टकराकर अनियंत्रित हो गया और तीन लेन में पलट गया।

हादसे में एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार उमेश कुमार यादव घायल हो गए। ट्रेलर में लदे चूना पाउडर के पैकेट सड़क पर बिखर गए, जिससे तीनों लेन का आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलने पर यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजिया मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया।

घायल उमेश कुमार को एंबुलेंस से तालग्राम सीएचसी में भर्ती कराया गया। यातायात को पीली पट्टी से संचालित कराया गया और क्रेन व हाइड्रा की मदद से पलटे ट्रेलर को मौके से हटाया गया। सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजिया ने बताया कि ट्रेलर को क्रेन से हटाकर रास्ता निर्बाध कराया गया। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर एक तरफ का रास्ता करीब आधे घंटे तक बाधित रहा।