कोटा जिले के लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के रामराजपुरा गांव में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के एक कमरे की छत की पट्टियां रविवार रात करीब 8:30 बजे टूटकर अंदर गिर गईं। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ग्रामीणों के मुताबिक भवन करीब 30 साल पुराना और जर्जर हालत में है। उनका कहना है कि हादसा रात में हुआ, दिन में होता तो बच्चों और ग्रामीणों की जान पर बन सकती थी।

ग्रामीण राजेंद्र प्रसाद मीणा के अनुसार छत की पट्टियां अंदर की ओर गिरीं; बाहर गिरने पर वहां मौजूद लोगों को चोट लग सकती थी। रविवार को स्कूल परिसर में बच्चों को पल्स पोलियो की दवा भी पिलाई गई थी और अभिभावक बच्चों के साथ यहां पहुंचे थे। ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक महीने पहले इसी कमरे में पंचायती राज चुनाव के दौरान मतदान केंद्र बना था और बाद में यहां कक्षाएं भी चलीं। कुछ दिन पहले ही इस कमरे में कक्षाएं लगाना बंद किया गया था।

गांव के लोगों का दावा है कि स्कूल में करीब 300 बच्चों का नामांकन है और वे मरम्मत के बजाय नया भवन चाहते हैं। ग्रामीण अशोक नंदवाना के मुताबिक पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए गांव के दो निजी भवनों में से एक में कक्षाएं संचालित करने की तैयारी है। एक-दो दिन में अर्धवार्षिक परीक्षाएं भी शुरू होनी हैं। ग्रामीण नरेश गुर्जर ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के करीब छह महीने पुराने दौरे का जिक्र करते हुए नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि मंत्री ने गांव वालों से ही स्कूल बनवाने की बात कही थी।

सीबीईओ ममता चौधरी ने बताया कि पीडब्ल्यूडी के सर्वे में दीवारों को सुरक्षित बताते हुए छत की मरम्मत की जरूरत बताई गई थी। स्कूल प्रबंधन समिति के प्रस्ताव पर छत बदलने के लिए करीब 11.75 लाख रुपये की स्वीकृति मिली थी, लेकिन आचार संहिता के कारण काम शुरू नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पूरी इमारत को जर्जर बता रहे हैं, इसलिए दोबारा सर्वे करवाकर नया प्रस्ताव भेजा जाएगा और बच्चों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा था।