बागपत में प्रेम विवाह के दस दिन बाद ही दंपती में विवाद हो गया। ग्राम फैजुल्लापुर निवासी निखिल ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत है। उसकी जान-पहचान खेकड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से हुई थी, जिसने अस्पताल में नौकरी के संबंध में बातचीत करते हुए उसका मोबाइल नंबर लिया था। दोनों में बातचीत बढ़ी और नजदीकी हो गई। बाद में स्वजन की मौजूदगी में मंदिर में दोनों की शादी हुई और वह पत्नी को अपने गांव ले आया।
आरोप है कि शादी के दस दिन बाद ही पत्नी अन्य युवकों से बातचीत करने लगी। इस पर आपत्ति जताने पर उसने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मरवाने की धमकी दी। इसके बाद वह सोने-चांदी के आभूषण लेकर मायके चली गई और साथ आने से इन्कार कर दिया। आभूषण वापस मांगे जाने पर स्थानीय पुलिस बुलाई गई।
निखिल का आरोप है कि पत्नी और उसके स्वजन लगातार धमकी दे रहे हैं। उसने आरोप लगाया कि पत्नी ने वाट्सएप कॉल पर धमकी दी कि अगर उसका साथ नहीं छोड़ा तो दफ्तर से निकलते ही गोली मरवा दी जाएगी। उसने यह भी आरोप लगाया कि बागपत जनपद का एक हिस्ट्रीशीटर भी उसे धमकी दे रहा है, जिससे वह भयभीत है। उसने अपनी सुरक्षा और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल ने बताया कि निखिल की तहरीर पर उसकी पत्नी और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
