लोहरदगा में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पीड़िता के परिवार को धमकी देने के आरोप में कुडू की प्रखंड प्रमुख को सोमवार शाम गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी नीरज झा ने गिरफ्तारी की पुष्टि की और बताया कि आरोपित को मंगलवार को जेल भेजा जाएगा। इस मामले में नामजद आरोपित प्रखंड प्रमुख के बेटे और ड्राइवर फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

पीड़िता के पिता ने 21 अक्टूबर को दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया था कि प्रखंड प्रमुख के बेटे ने उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया, जिसके कारण नाबालिग गर्भवती हो गई। आवेदन के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 351(3), 202(3) और पाक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया था।

पीड़िता के पिता का आरोप है कि मामले को खत्म करने का दबाव बनाया गया और ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने प्रखंड प्रमुख और उनके ड्राइवर पर भी धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।