सीतामढ़ी के रीगा थाना क्षेत्र में एक सीएसपी संचालक ने बैंक से रुपये निकालकर घर लौटते समय 1.99 लाख रुपये की लूट का दावा किया है। पुलिस मामले को प्रथम दृष्टया संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
रीगा थाना क्षेत्र के पोसुआ पटनिया गांव निवासी गोपाल कुमार अपने गांव में एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) चलाते हैं। उनके अनुसार सोमवार दोपहर वह बसवरिया चौक स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा से 1.99 लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। भवदेपुर स्थित मिलनमा गाछी के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। मास्क पहने बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर रुपये छीन लिए और हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित के अनुसार घटना दोपहर तीन बजे हुई, जबकि पुलिस को सूचना शाम छह बजे दी गई। सूचना देने में तीन घंटे की देरी हुई है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल सुनसान जगह पर है और वहां सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ में भी घटना को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।
थानाध्यक्ष के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
