थाना दाखा के अंतर्गत गांव चक्क कलां में एक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों में से दो की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। घायल युवक लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में उपचाराधीन है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव मुल्लांपुर निवासी मनप्रीत सिंह मनी और गांव कैलपुर निवासी गग्गी मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव चक्क कलां में अपने दोस्त गुरजीत सिंह गोपी से मिलने गए थे। वापसी में वे गुरजीत सिंह गोपी को भी अपने साथ ले आए।
जब तीनों दोस्त मोटरसाइकिल पर मुल्लांपुर की ओर लौट रहे थे, तभी अचानक वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराया। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें एंबुलेंस के जरिए लुधियाना के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान मनप्रीत सिंह मनी और गुरजीत सिंह गोपी ने दम तोड़ दिया। वहीं, गग्गी का उपचार चल रहा है।
दो नौजवानों की आकस्मिक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
