अमरकंटक के मां नर्मदा उद्गम मंदिर परिसर में एक श्रद्धालु हाथी की पत्थर की प्रतिमा के पैरों के बीच बने संकरे रास्ते से निकलने की कोशिश में फंस गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मंदिर परिसर में काले पत्थर से बनी हाथी और घोड़े की प्रतिमाएं स्थापित हैं। स्थानीय धार्मिक मान्यता के अनुसार, जो व्यक्ति हाथी के पैरों के बीच बनी संकरी जगह से बिना परेशानी के निकल जाता है, उसकी मनोकामना पूरी होती है। कुछ श्रद्धालु इसे अपने कर्मों की परीक्षा से भी जोड़कर देखते हैं। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से निकलने का प्रयास करते हैं।
बताया गया है कि हाथी की प्रतिमा की ऊंचाई और लंबाई करीब तीन फीट है, जबकि पैरों के बीच निकलने के लिए बनी जगह की चौड़ाई महज एक फीट है। वायरल वीडियो में श्रद्धालु पेट के बल लेटकर इस संकरे रास्ते से निकलने की कोशिश करता दिख रहा है, लेकिन शरीर फंस जाने के कारण वह न आगे बढ़ पा रहा था और न ही पीछे लौट पा रहा था।
काफी देर तक संघर्ष करने के बाद वह किसी तरह बाहर निकल सका। इस दौरान मौके पर मौजूद पुजारी उसे आगे बढ़ने के लिए कहते सुनाई दिए। घटना के समय मंदिर परिसर में कई श्रद्धालु मौजूद थे। श्रद्धालु इस रास्ते से निकलने के बाद मां नर्मदा को साष्टांग दंडवत प्रणाम करते हैं।
