रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण आदेश के खिलाफ कमिश्नर कोर्ट में चल रही सुनवाई सोमवार को नहीं हो सकी। विश्वविद्यालय के अधिवक्ता जुनैद एजाज के अनुसार गंगा स्नान के कारण कमिश्नरी के वकीलों के कार्य स्थगित रहने से सुनवाई नहीं हुई। अब मामले में अगली सुनवाई सात जनवरी 2027 को होगी।
रामपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और रामपुर के जिलाधिकारी ने 15 जुलाई को जौहर विश्वविद्यालय के 40 भवनों में से 38 को अवैध ठहराया था। इसके खिलाफ विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से 20 जुलाई को कमिश्नर कोर्ट में अपील दायर की गई थी। 27 जुलाई को सुनवाई करते हुए तत्कालीन कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने ध्वस्तीकरण आदेश पर सुनवाई पूरी होने तक रोक लगा दी थी।
इसके बाद मामले में 22 अक्टूबर को आठवीं तारीख और 23 नवंबर की तारीख तय हुई थी। 22 अक्टूबर को कमिश्नर संगीता सिंह की कोर्ट में हुई सुनवाई में विश्वविद्यालय के अधिवक्ता ने 17 भवनों के मानचित्र न्यायालय में पेश किए थे और शेष प्रपत्र जुटाकर पेश करने के लिए एक माह का समय मांगा था। साथ ही एक आवेदन देकर कहा गया था कि न्यायालय सीधे जिलाधिकारी से रिकॉर्ड तलब करे, जिसे कमिश्नर कोर्ट ने खारिज कर दिया था।
प्रपत्र पेश करने के लिए बार-बार समय मांगे जाने पर जिला शासकीय अधिवक्ता मंडलीय न्यायालय दिनेश चौहान ने विरोध जताया था और कहा था कि आखिर कब तक समय लिया जाएगा। दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने विश्वविद्यालय के अधिवक्ता को प्रपत्र पेश करने के लिए एक माह का समय दिया था। शासकीय अधिवक्ता के अनुसार कोर्ट ने विश्वविद्यालय के अधिवक्ता को प्रपत्र पेश करने का अंतिम अवसर दिया था।
