साइबर अपराध की दुनिया में अब तक हैकर खुद कंप्यूटर या नेटवर्क में सेंध लगाकर डाटा चोरी करते थे, लेकिन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बदलते स्वरूप ने नई आशंका पैदा कर दी है। अब हमले के लिए हैकर को हर कदम खुद उठाने की जरूरत नहीं होगी। एआई एजेंट (स्वचालित एआई प्रणाली) को लक्ष्य देकर उससे वेबसाइट खंगालने, कोड लिखने, डाटाबेस तक पहुंच बनाने, खाते तैयार करने और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कार्रवाई करने जैसे काम कराए जा सकते हैं। ऐसे एजेंट पर नियंत्रण कमजोर होने पर वही साइबर हमले का जरिया बन सकता है।
स्कोप कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 13वें इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन साइबर लॉ, साइबर क्राइम एंड साइबर सिक्योरिटी में डाटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के साइबर सुरक्षा एवं महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों के सलाहकार एयर वाइस मार्शल (डॉ.) देवेश वत्स ने अपने विश्लेषण में इस उभरते खतरे को रेखांकित किया। उनके अनुसार, एआई अब केवल सवालों के जवाब देने वाली तकनीक नहीं रह गई है, बल्कि ऐसे एजेंट विकसित हो रहे हैं जो किसी उद्देश्य को समझकर खुद योजना बना सकते हैं और इंटरनेट, डाटाबेस तथा अन्य डिजिटल टूल का इस्तेमाल कर सकते हैं। यही क्षमता साइबर सुरक्षा के लिए नई चुनौती बन रही है।
विश्लेषण के मुताबिक, किसी एआई एजेंट को ईमेल, क्लाउड स्टोरेज, वित्तीय सिस्टम, कंपनी के डाटाबेस और आंतरिक नेटवर्क तक एक साथ पहुंच मिल जाए तो वह एक डिजिटल कर्मचारी की तरह काम करने लगता है, लेकिन यही पहुंच गलत हाथों में पड़ने पर पूरे संगठन की सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है। साइबर ठग को अलग से मालवेयर तैयार करने की जरूरत नहीं होगी, वह एआई एजेंट को प्रभावित करके उससे ही अधिकृत सिस्टम पर गलत गतिविधियां करा सकता है। इसे 'लिविंग ऑफ द एजेंट' (एलओटीए) की उभरती अवधारणा के रूप में देखा जा रहा है। एक और बड़ा खतरा 'इनडायरेक्ट प्रॉम्प्ट इंजेक्शन' है, जिसमें किसी वेबसाइट, ईमेल, दस्तावेज या डिजिटल फाइल में छिपा निर्देश डाला जा सकता है, जिसे एजेंट सामान्य जानकारी के बजाय आदेश मान ले। इससे गोपनीय जानकारी उजागर होने, गलत निर्णय लेने या बिना अनुमति डिजिटल कार्रवाई करने का जोखिम पैदा हो सकता है।
विशेषज्ञ के मुताबिक, एआई एजेंट को उतनी ही डिजिटल अनुमति दी जाए जितनी उसके काम के लिए जरूरी हो। वित्तीय लेनदेन, डाटा डिलीट करने और संवेदनशील सिस्टम में बदलाव जैसे कामों के लिए मानवीय मंजूरी अनिवार्य होनी चाहिए। हर एजेंट की अलग डिजिटल पहचान, उसकी गतिविधियों की लगातार निगरानी, सुरक्षित ऑडिट रिकॉर्ड और जरूरत पड़ने पर उसे तत्काल बंद करने की व्यवस्था भी होनी चाहिए।
