ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (एआईबीई) 29 नवंबर को प्रयागराज के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। कुछ केंद्रों पर अनियमितता की आशंका को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति हेमा कोहली की अध्यक्षता वाली निगरानी समिति ने परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी को व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
समिति के निर्देश पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय के डीन, फैकल्टी ऑफ लॉ की निगरानी में एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। इस कक्ष के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी कैमरों से रियल टाइम निगरानी होगी। प्रयागराज के सभी केंद्रों पर स्वतंत्र पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे, जो परीक्षा समाप्त होने के बाद अपनी रिपोर्ट के साथ सीसीटीवी रिकॉर्डिंग मॉनिटरिंग कमेटी को सौंपेंगे। निगरानी समिति फुटेज और रिपोर्ट की समीक्षा करेगी तथा किसी केंद्र पर अनियमितता या गड़बड़ी की पुष्टि होने पर परीक्षा रद करने का निर्णय लेने का अधिकार उसके पास रहेगा।
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष परीक्षा के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने प्रयागराज के पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर सभी केंद्रों पर समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। साथ ही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को भी पत्र भेजकर परीक्षा केंद्रों तथा केंद्र प्रभारियों पर निगरानी का अनुरोध किया गया है।
बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं।
