वाराणसी में शनिवार को काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का शुभारंभ नमो घाट पर हुआ। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका उद्घाटन किया। यह आयोजन 12 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें तमिलनाडु से सात समूहों में 1750 प्रतिनिधि भाग लेंगे।
सीएम योगी ने कहा कि काशी-तमिल संगमम एक भारत श्रेष्ठ भारत का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि इस संस्करण की थीम 'तिरुक्कुरल पयिलोम-तिरुक्कुरल अभ्यास करें' रखी गई है। पिछली बार उत्तर भारत ने तमिल सीखी थी, जबकि इस बार तमिल के जीवन मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि तिरुक्कुरल के तीन खंड- धर्म, अर्थ और काम भारतीय सनातन के मूल आधार हैं।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 1 हजार उच्च शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय छात्र सहभागिता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। तमिलनाडु के 50 शिक्षक यूपी में तमिल की शोध का प्रचार करेंगे, जबकि 1400 से ज्यादा अतिथि तमिल संस्कृति और शोध को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जैसे प्रयागराज में महाकुंभ नदियों के संगम से होता है, वैसे ही वाराणसी में यूपी और तमिलनाडु की भाषा और संस्कृति का मिलन होता है। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश की पहली अर्बन रोपवे परियोजना काशी के यातायात को नया आयाम देगी और नमो घाट काशी के नए स्वरूप के रूप में सामने आ रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी में तमिलनाडु से आए सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उन्हें आनंद की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि काशी-तमिल संगमम भारतीय संस्कृति की परंपरा का उत्सव बन गया है, जहां भाषाएं अलग हैं, लेकिन भाव एक हैं और परंपराएं विविध हैं, पर संस्कृति एक है। कार्यक्रम के लिए तमिलनाडु से 250 छात्र काशी आए हैं, जिन्होंने सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किए।
