नई दिल्ली। अंग्रेजी साहित्य के महान उपन्यासकार जोसेफ कॉनराड का जन्म 3 दिसंबर 1857 को पोलिश यूक्रेन के बर्दिचेव में हुआ था। द कलेक्टर पर छपी एक रिपोर्ट के अनुसार उनका मूल नाम जोसेफ थियोडोर कॉनराड नालेज कोर्जेनियोव्स्की था। उनके माता-पिता अपोलो और ईवा कोर्जेनियोव्स्की पोलिश राष्ट्रवादी थे। उस समय पोलैंड स्वतंत्र देश नहीं था और ऑस्ट्रिया-हंगरी, प्रशिया तथा रूस के बीच बंटा हुआ था। अपोलो ने अपनी लेखनी और गुप्त गतिविधियों से पोलैंड की आजादी के लिए संघर्ष किया, जिसके कारण 1861 में रूसी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर वारसॉ सिटाडेल में डाल दिया और देश-निकाले की सजा सुनाई। उनकी पत्नी को भी यही सजा मिली।
माता-पिता की क्रांतिकारी गतिविधियों के कारण कॉनराड का बचपन मातृभूमि से दूर रूस के उस शहर में बीता, जहां सजायाफ्ता लोगों को भेजा जाता था। वे अपने चाचा टैड्यूज बोब्रोव्स्की की देखरेख में पले-बढ़े। कॉनराड अक्सर बीमार रहते थे और मिर्गी से पीड़ित थे। 16 साल की उम्र में उन्होंने पोलैंड छोड़ दिया। शाही रूसी सेना में सेवा करने के बजाय वे भागकर फ्रांस चले गए, जहां मार्सेई में पारिवारिक संपर्कों और चाचा की आर्थिक मदद से उन्हें फ्रांसीसी जहाजों पर काम मिल गया। निराशा और कर्ज में डूबे कॉनराड ने आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन वे बच गए।
फ्रांस में समुद्री करियर की बाधाओं को पार करना असंभव समझकर कॉनराड ब्रिटिश मर्चेंट मरीन में शामिल हो गए। उन्होंने कठिन लिखित और मौखिक परीक्षाएं पास कीं और 'मास्टर' पद तक पहुंचे। 1886 में उन्हें ब्रिटिश नागरिकता भी मिली। उन्होंने भूमध्य सागर से इटली, ग्रीस और तुर्की तक तथा एशिया में सिंगापुर, सियाम, बोर्नियो और मलय प्रायद्वीप की यात्राएं कीं। अफ्रीका में वे सिएरा लियोन, बेनिन, आइवरी कोस्ट और कांगो गए। इन्हीं अनुभवों से उन्हें साहित्यिक करियर के लिए सामग्री मिली।
कांगो के अपने अनुभवों के बारे में कॉनराड ने 'नेशनल जियोग्राफिक मैगजीन' के लिए लिखा कि वहां जो कुछ हुआ वह 'लूट-पाट की सबसे घिनौनी होड़ थी, जिसने मानव विवेक और भौगोलिक खोज के इतिहास को कलंकित कर दिया।' इन अनुभवों को उन्होंने अपने चर्चित उपन्यास 'हार्ट ऑफ डार्कनेस' में उतारा। 1896 में कॉनराड ने अंग्रेज महिला जेसी जॉर्ज से शादी की और उनके दो बेटे बोरिस और जॉन हुए।
