लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के चुनावी गणित को आगे बढ़ाते हुए 'पी' का दायरा पीड़ित तक बढ़ा दिया है। उन्होंने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में परीक्षाओं और भर्तियों में धांधली के कारण हर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 25 हजार युवा और आम वोटर पीड़ित हुए हैं, जो भाजपा से नाराज हैं।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में पूरा गणित पेश करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पीसीएस प्री की परीक्षा रद्द होने से 2,65,270 अभ्यर्थी पीड़ित हुए। उनके मुताबिक, इन अभ्यर्थियों के माता-पिता को जोड़ने पर यह आंकड़ा 7,95,810 हो जाता है। इसी तरह लगभग 20 अन्य पेपर लीक और भर्ती-परीक्षाओं को जोड़कर उन्होंने कुल पीड़ितों की संख्या 1,59,16,200 बताई। इसे 403 विधानसभा सीटों पर बांटने पर प्रति विधानसभा लगभग 39,494 पीड़ितों का आंकड़ा आता है।

सपा अध्यक्ष ने आगे के गणित में एक तिहाई बेरोजगार अभ्यर्थियों के सभी परीक्षाओं में शामिल होने की बात घटाकर यह आंकड़ा लगभग 26,330 बताया। उन्होंने कहा कि कम से कम अनुमान के आधार पर भी हर विधानसभा सीट पर लगभग 25 हजार पीड़ित युवा और आम वोटर भाजपा से हताश और निराश हैं। उनका दावा है कि ये वोटर भाजपा के खिलाफ वोट डालेंगे और 2027 में पीडीए सरकार बनाएंगे।

उल्लेखनीय है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 2025 में हुई उत्तर प्रदेश पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट रद्द कर दिया है और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को दोबारा मेरिट लिस्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन हाईकोर्ट के फैसले के बाद अब नए सिरे से मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू होंगे।