नई दिल्ली: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 16 साल के राउल जॉन अजू की तारीफ की है, जिसके बाद यह किशोर दुनिया भर में चर्चा का केंद्र बन गया है। इसी बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एक्स पर एक पोस्ट कर जनवरी में राउल से हुई अपनी मुलाकात को याद किया। थरूर ने अपना लगभग 11 महीने पुराना ट्वीट शेयर करते हुए लिखा कि यह वही नौजवान है जिसने दस महीने बाद राष्ट्रपति पुतिन को प्रभावित किया।

थरूर ने बताया कि 7 जनवरी को वह वंदे भारत ट्रेन में सफर कर रहे थे, जहां उनकी मुलाकात 16 वर्षीय राउल जॉन अजू से हुई थी। मुलाकात की तस्वीरें एक्स पर साझा करते हुए उन्होंने लिखा था कि वंदे भारत में लोगों से मुलाकात अक्सर सुखद होती है, लेकिन शायद ही कभी इतनी ज्ञानवर्धक रही हो।

कांग्रेस नेता ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में काम कर रहे 16 साल के टेक-एक्सपर्ट राउल से मिलने का मौका मिला। दोनों के बीच इस बात पर चर्चा हुई कि एआई को सीमाओं से परे जाना चाहिए और उसे देश की विविध भाषाओं और बोलियों को समझना तथा बोलना आना चाहिए।

थरूर ने यह भी बताया कि यह जानकर खुशी हुई कि राउल और उनकी टीम, जिसमें ईशान नाम का एक दोस्त भी शामिल है, ऐसे सिस्टम बना रही है जो मलयालम, हिंदी और उर्दू में वॉयस प्रोसेसिंग करने में सक्षम हैं।