हिमाचल प्रदेश में 'मुख्यमंत्री अपना परिवार, सुखी परिवार योजना' के तहत 21 से 59 वर्ष आयु वर्ग की करीब 2.65 लाख आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की सरकार को इस योजना पर करीब 40 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार उठाना होगा। योजना के शुभारंभ के साथ ही पहली किस्त सीधे पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हस्तांतरित करने की तैयारी है।
प्रदेश की करीब 3.50 लाख गरीब महिलाओं में से 85 हजार महिलाएं पहले से सामाजिक सुरक्षा पेंशन ले रही हैं। दोहरी आर्थिक सहायता से बचने के लिए इन्हें योजना से बाहर रखा गया है। सरकार ने योजना में 18 से 20 वर्ष की युवतियों को भी शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे लाभार्थियों की संख्या बढ़ने और मासिक व्यय करीब 45 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
चयनित लाभार्थियों के करीब 2.65 लाख बैंक खाते आधार से लिंक किए जा चुके हैं। इससे राशि का सीधे खातों में हस्तांतरण और भुगतान में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। चुनावी वर्ष में सुक्खू सरकार इस योजना के माध्यम से अपनी गारंटी पूरी करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
गौरतलब है कि 59 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को पहले से ही 1500 रुपये दिए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त 21 से 59 वर्ष आयु वर्ग की करीब 35 हजार महिलाओं को सम्मान निधि के रूप में इतनी ही राशि मिल रही है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत लाभार्थियों को हर तीसरे महीने पेंशन और सहायता राशि एक साथ देने का प्रविधान है।
