बीजिंग/नई दिल्ली: भारत और चीन ने सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए नए सिरे से बातचीत की है। चीनी रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि दोनों देशों के राजनयिकों और सैन्य अधिकारियों के बीच संपर्क बना हुआ है। मंत्रालय के प्रवक्ता चेन शी के अनुसार, फिलहाल चीन-भारत सीमा क्षेत्र काफी हद तक स्थिर है और दोनों पक्ष कोर कमांडर स्तर की बातचीत सहित राजनयिक व सैन्य माध्यमों से संपर्क में हैं, ताकि आपसी सहमति को लागू किया जा सके और सीमावर्ती इलाकों में शांति व स्थिरता सुनिश्चित हो सके।

साउथ चायना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, एलएसी के पूर्वी सेक्टर में सैन्य कमांडरों के बीच बातचीत का एक नया दौर पूरा हुआ है। इस क्षेत्र में ऐसी पहली बातचीत सितंबर में हुई थी। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, यह बैठक 8 नवंबर को शुरू हुई और एक छोटे ब्रेक के बाद करीब 10 दिनों तक चली। रिपोर्ट के मुताबिक बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। इसका मकसद कामकाज के नियम तय करना, अग्रिम मोर्चे पर तैनात सैनिकों के बीच टकराव रोकना और सर्दियों में तनाव भड़कने से बचाना है। बैठक की बारीकियों पर दोनों पक्षों की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। अक्टूबर में आईटीबीपी के डीजी ने बताया था कि अरुणाचल प्रदेश सीमा पर कई जगहों पर चीनी सैनिकों के साथ टकराव की स्थिति बनी हुई है।

सर्दियों से पहले दोनों देश एलएसी पर सैन्य तैयारियां तेजी से बढ़ा रहे हैं। भारतीय सेना लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश में बिना रुकावट आपूर्ति के लिए वैकल्पिक सड़कों और सुरंगों पर काम कर रही है। अरुणाचल में सेला सुरंग और अरुणाचल फ्रंटियर हाईवे तथा लद्दाख में निम्मू-पदम-दारचा मार्ग, जोजिला और शिंकुन ला सुरंगों के जरिए बर्फबारी के दौरान भी सेना की आवाजाही और रसद आपूर्ति सुरक्षित बनाई जा रही है। सेना 9 हजार से 18 हजार फीट की ऊंचाई पर माइनस 45 डिग्री सेल्सियस तापमान से निपटने की तैयारी कर रही है। आईटीबीपी ने अपनी सीमा चौकियों को पहले ही मौसम के अनुकूल बना लिया है, जहां आधुनिक हीटिंग सिस्टम और भूमिगत बंकर बनाए गए हैं। भारतीय सेना ने पिछले हफ्ते चीन से सटी उत्तरी सीमा पर वायुसेना का अभ्यास पूरा किया, जिसमें राफेल और सुखोई-30एमकेआई लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल हुआ। वायुसेना को अगले महीने तक पहला स्वदेशी सी-295 विमान मिलने की उम्मीद है, जो ऊंचे इलाकों में सैनिकों के उपकरण, हथियार और जरूरी सामान पहुंचाने के लिए बनाया गया है।

पीएलए डेली की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की बॉर्डर डिफेंस यूनिट ने सर्दियों के लिए मेडिकल स्टॉक जमा करने की व्यवस्था मजबूत की है। अलग-अलग चौकियों के लिए वहां की स्थितियों, ड्यूटी और पुराने मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर जरूरी सामान की सूची तैयार की गई है। इसके अलावा चीन ने सड़क बुनियादी ढांचे और आधुनिक कोल्ड-चेन लॉजिस्टिक को मजबूत किया है तथा सीमावर्ती चौकियों तक हर हफ्ते ताजा खाद्य सामग्री पहुंचाई जा रही है। चौकियों को गर्म रखने वाले ग्रीनहाउस की मदद से अब वहीं सब्जियां भी उगाई जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि 2020 के गलवान संघर्ष के बाद से दोनों देश संघर्ष रोकने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरत रहे हैं और पिछले दो वर्षों में कई बार उच्चस्तरीय वार्ता हुई है। इसके बावजूद चीन अरुणाचल प्रदेश पर अपना दावा दोहराता रहा है, जिसे भारत सिरे से खारिज करता रहा है।